लोकसभा चुनाव से पहले यूपी विधान परिषद की 13 सीटों पर भाजपा ने एमएलसी प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में भाजपा ने सात उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। भाजपा ने एमएलसी चुनाव के लिए विजय बहादुर पाठक, महेंद्र कुमार सिंह, अशोक कटारिया, मोहित बेनीवाल, धर्मेन्द्र सिंह, रामतीरथ सिंघल, संतोष सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। विजय बहादुर पाठक, महेंद्र कुमार सिंह और अशोक कटारिया को भाजपा ने रिपीट किया है। ये तीनों वर्तमान में एमएलसी हैं। बतादें कि विधान परिषद की 13 सीटें पांच मई को रिक्त होने जा रही है। इसमें 10 सीटें भाजपा और एक उसके सहयोगी अपना दल (एस) के पास थीं। जबकि एक-एक सीट सपा और बसपा के पास है।
संख्या बल के हिसाब से इस बार भाजपा और उसके सहयोगी दल के हिस्से 10 सीटें आएंगी। एक सीट से अपना दल (एस) से आशीष पटेल का परिषद जाना तय है। पार्टी एमएलसी प्रत्याशियों के जरिए भी सामाजिक समीकरण साधने का प्रयास करेगी। यही कारण है कि जातीय समीकरण के लिहाज से ही नामों का पैनल दिल्ली भेजा गया था। इस पैनल में अधिकांश मौजूदा विधान परिषद सदस्यों के साथ ही कुछ प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहित कुछ अन्य नेताओं के नाम शामिल किए गए थे। इसमें तीन महिला प्रदेश पदाधिकारियों के नाम भी थे।
इनका कार्यकाल हो रहा खत्म
भाजपा से विजय बहादुर पाठक, डॉ. महेंद्र सिंह, अशोक कटारिया, निर्मला पासवान, बुक्कल नवाब, मोहसिन रजा, विद्या सागर सोनकर, डा. सरोजनी अग्रवाल, अशोक धवन और यशवंत के नाम शामिल हैं। जबकि अपना दल (एस) से आशीष पटेल का कार्यकाल खत्म हो रहा है। वहीं दूसरी ओर सपा के प्रदेश उत्तम नरेश चंद्र उत्तम और बसपा के इकलौते एमएलसी भीमराव आंबेडकर का कार्यकाल भी 5 मई को खत्म हो जाएगा।
