दिग्गज अभिनेता परेश रावल आज (30 मई 2025) अपना 70वां जन्मदिन मना रहे हैं। परेश रावल इन दिनों खूब लाइमलाइट बटोर रहे हैं। दरअसल, लोग उनकी अपकमिंग फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, लेकिन उन्होंने फिल्म का प्रोमो शूट करने के बाद फिल्म बीच में ही छोड़ दी। ऐसे में फिल्म के प्रोड्यूसर अक्षय कुमार ने उन्हें नोटिस भेजा है। वहीं इन सब चीजों के बीच सुनील शेट्टी ने सोशल मीडिया पर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है।
सुनील शेट्टी की बधाई
सुनील शेट्टी ने परेश रावल को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (Twitter) पर एक फोटो शेयर की और लिखा, “उस इंसान को… जो समझदारी और हाजिरजवाबी का पावरहाउस है, और उससे भी बढ़कर एक शानदार इंसान है। परेश जी आपको जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। हमेशा प्यार और सम्मान।”
फैंस की अपील
सुनील शेट्टी की इस पोस्ट पर फैंस ने खूब कमेंट किए और उनसे गुजारिश की कि वह परेश रावल और अक्षय कुमार के बीच सुलह करवाएं, ताकि फेमस तिकड़ी एक बार फिर साथ नजर आ सके। एक यूजर ने लिखा, “सर अपनी मिसअंडरस्टैंडिंग दूर कीजिए और हम दर्शकों के बारे में सोचिए! प्लीज ‘हेरा फेरी 3’ में साथ काम कीजिए। हम आप तीनों को एक साथ देखना चाहते हैं।” दूसरे फैन ने लिखा, “आप परेश रावल जी को मनाकर वापस लेकर आओ। आज उनका जन्मदिन भी है, गिले शिकवे मिटाकर दोबारा नहीं जुड़ सकते? प्लीज अन्ना।”
‘हेरा फेरी 3’ विवाद
कुछ दिन पहले परेश रावल ने खुद यह खुलासा किया था कि वह ‘हेरा फेरी 3’ का हिस्सा नहीं हैं। इसके बाद खबर आई कि अक्षय कुमार, जिन्होंने इस फ्रेंचाइजी के राइट्स खरीदे हैं, ने इस मामले में कोर्ट का सहारा लिया है और परेश रावल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। सूत्रों के मुताबिक, परेश रावल ने फिल्म को छोड़ने का फैसला इसलिए लिया क्योंकि उन्हें कहानी और स्क्रिप्ट को लेकर संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई थी। अब मामला कोर्ट में है और फैंस को उम्मीद है कि चीजें सुलझ जाएंगी।
