मानसून के दौरान, वातावरण में नमी बढ़ने से बैक्टीरिया और वायरस अधिक सक्रिय हो जाते हैं, जिससे कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों के लिए बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। मानसून के दौरान सेहत अच्छी बनाए रखने के लिए डॉक्टर खाने-पीने पर विशेष ध्यान देने की सलाह देते हैं। इस मौसम में कई ऐसी चीजें हैं, जिनका सेवन करने की मनाही होती है तो कई ऐसी चीजें हैं, जिन्हें खाली पेट खाने से सेहत को गजब के फायदे मिलते हैं। मानसून में किन चीजों को खाने से परहेज करना चाहिए ये तो हम आपको पहले अपनी कई खबरों में बता चुके हैं। लेकिन आज जानते हैं 5 ऐसे फलों के बारे में, जिनका खाली पेट सेवन, सेहत को कई गजब के फायदे दे सकता है।
मानसून में खाली पेट खाएं ये 5 फल
अनार
मानसून के दौरान खाली पेट अनार खाने से सेहत को कई बड़े फायदे मिलते हैं। अनार में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट हृदय स्वास्थ्य तो फाइबर की अधिकता पाचन क्रिया को बेहतर बनाकर कब्ज से राहत देने में मदद करती है। इसके अलावा अनार में मौजूद विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाए रखने में मदद करते हैं।
पपीता
मानसून में खाली पेट पपीता खाने से सेहत को कई फायदे मिलते हैं। पपीते में मौजूद पपैन नामक एंजाइम पाचन में सुधार करके कब्ज से राहत और बॉडी डिटॉक्स करने में मदद करता है। इसके अलावा पपीते में विटामिन सी, ए और एंटीऑक्सीडेंट शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत बनाकर संक्रमण से लड़ने में मदद करते हैं।
नाशपाती
खाली पेट नाशपाती खाने से पाचन में सुधार, कब्ज से राहत, और वजन घटाने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा नाशपाती विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होने की वजह से रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में भी मदद करती है।
प्लम (आलूबुखारा)
खाली पेट प्लम (आलूबुखारा) खाने से पाचन क्रिया बेहतर होती है, कब्ज से राहत मिलती है, और शरीर को ऊर्जा मिलती है। इसमें मौजूद फाइबर और सोर्बिटोल पाचन में मदद करते हैं, जबकि विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं।
जामुन
खाली पेट जामुन खाने से इसमें मौजूद हाई फाइबर पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है। इतना ही नहीं इसका सेवन करने से कब्ज, गैस और अपच जैसी समस्याओं से भी राहत मिलती है।
