दिनभर की थकान मिटाने से लेकर घर आए मेहमानों का स्वागत करने तक, भारतीय परिवारों में चाय के कप का सहारा लिया जाता है। हालांकि आजकल चाय के नॉर्मल कप की जगह कई तरह की हर्बल टी ने ले ली है। न्यूट्रिशनिस्ट किरण कुकरेजा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियों शेयर करके कई तरह की हर्बल चाय के बारे में बताया है, जो सेहत को कई तरह के फायदे पहुंचाती हैं। हर्बल टी में कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो इम्यून सिस्टम मजबूत बनाने के साथ स्ट्रेस से निजात, पाचन तंत्र को स्वस्थ और वेट लॉस में भी मदद करते हैं।
वेट लॉस में फायदेमंद सौंफ की चाय- सौंफ के बीज एनेथोल जैसे यौगिकों से भरपूर होते हैं, जिनमें सूजन-रोधी गुण मौजूद होते हैं। ये गुण गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ट्रैक्ट को आराम देने, गैस, सूजन और ऐंठन को कम करने और पाचन को बढ़ावा देने में मदद कर सकते हैं। सौंफ जब पाचन क्रिया संतुलित करती है,तो उससे शरीर के मेटाबोलिज्म में सुधार होता है। साथ ही इसमें मौजूद फाइबर से देर तक पेट भरे रहने का एहसास होता है, जिससे ओवरइटिंग नहीं होती और वेट कंट्रोल करने में मदद मिलती है।
गुडहल की चाय- हिबिस्कस फूल की चाय फ्लेवोनोइड्स और एंथोसायनिन जैसे एंटीऑक्सिडेंट से भरपूर होती है,जो शरीर में ऑक्सीडेटिव तनाव और सूजन से निपटने में मदद करती है। इसके अलावा गुडहल की चाय एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती है। इसे पीने से थकान दूर होती है।गुड़हल की चाय में एनाल्जेसिक गुण होने से यह गर्भाशय के आसपास की मांसपेशियों को आराम देने में मदद करती है। जिससे पीरियड्स क्रैम्प्स में आराम मिलता है।
कैमोमाइल चाय- कैमोमाइल चाय अक्सर सोने से पहले पी जाती है। इसे पीने से तनाव कम होता है और मन को शांति मिलती है। सुगंधित कैमोमाइल फूलों वाली यह हर्बल चाय आपको तेजी से सोने और हेल्दी नींद लेने में मदद कर सकती है।
पुदीने की चाय- पिपरमेंट टी यानी पुदीने की चाय पीने से डाइजेशन अच्छा रहता है और पेट से जुड़ी समस्याएं भी कम होती हैं। इसमें मौजूद मेन्थॉल मांसपेशियों की जकड़न में आराम दिलाता है। जिससे मासिक धर्म के दौरान मांसपेशियों की ऐंठन को कम करने में मदद मिल सकती है।
दालचीनी की चाय- दालचीनी में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-माइक्रोबियल तत्व होते हैं। इसमें सिनामाल्डिहाइड और सिनामिक एसिड जैसे बायोएक्टिव यौगिक होते हैं, जो इंसुलिन संवेदनशीलता में सुधार और रक्त शर्करा के स्तर को कम करते हैं। दालचीनी की चाय तनाव और चिंता कम करने में भी मददगार होती है। दालचीनी की चाय सुबह पीना काफी फायदेमंद होता है। इससे ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल में रहता है।
