मथुरा, भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली को पांच करोड़ रुपये देकर प्रेमानंद महाराज के आश्रम बुलाने संबंधी बयान पर विवाद बढ़ने के बाद श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष संन्यास के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी ने प्रेमानंद महाराज और उनके शिष्यों से माफी मांग ली है।
सोशल मीडिया पर ट्रोल होने के बाद फलाहारी ने दावा किया कि उन्हें देशभर से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। दिनेश फलाहारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने कहा, “हमें पूरे देश से फोन पर धमकियां आ रही हैं कि हम तुम्हें मार देंगे। हमसे मत टकराओ। हमारा भी परिवार है, इसलिए हमने महाराज जी से क्षमा याचना की है। विराट कोहली महाराज जी को कितना दें या महाराज जी कोहली को क्या दें, अब हमें इससे कोई मतलब नहीं है।”
अपने पिछले बयानों पर सफाई देते हुए फलाहारी ने कहा कि उन्होंने प्रेमानंद महाराज के खिलाफ कभी एक शब्द भी नहीं बोला। उन्होंने कहा कि महाराज उनके और पूरे देश के लिए पूजनीय संत हैं। उन्होंने कहा, “हमने उनसे यहां तक कहा था कि हमारी किडनी ले लें, लेकिन आप दुख मत पाओ। अगर हमारे किसी बयान से महाराज जी या उनके साधकों को कष्ट पहुंचा है तो हम हाथ जोड़कर माफी मांगते हैं।”
विराट कोहली पर पहले गंभीर आरोप लगाने वाले दिनेश फलाहारी अब उनकी प्रशंसा करते नजर आए। उन्होंने कहा कि विराट कोहली बुरे इंसान नहीं हैं और आश्रम के भंडारे के लिए लाखों रुपये का सहयोग करते हैं। उन्होंने दावा किया कि विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा राधारानी के सच्चे साधक और भक्त बन चुके हैं। दिनेश फलाहारी ने पूरे विवाद के पीछे भू-माफियाओं का षड्यंत्र होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यमुना खादर की जमीन बेचने वाले कुछ भू-माफिया किस्म के लोग प्रेमानंद महाराज को उनके खिलाफ भड़का रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले विराट कोहली के प्रवक्ता ने दिनेश फलाहारी के दावों को पूरी तरह झूठा, बेबुनियाद और तथ्यात्मक रूप से गलत बताया था। प्रवक्ता ने स्पष्ट किया था कि विराट कोहली केवल अपनी व्यक्तिगत आस्था और श्रद्धा के कारण प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने जाते हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर दिनेश फलाहारी को जमकर ट्रोल किया गया। विवाद बढ़ने के बाद अब उन्होंने अपने बयान से पीछे हटते हुए माफी मांगी है।
