आजकल की खराब लाइफस्टाइल, खान-पान में गड़बड़ी और नींद की कमी के कारण कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ रही हैं। डायबिटीज और फैटी लिवर भी इन्हीं समस्याओं में शामिल हैं। ऐसे में लोग अपनी डाइट और लाइफस्टाइल में बदलाव करके सेहत को बेहतर रखने की कोशिश कर रहे हैं। अगर आप फैटी लिवर की समस्या से जूझ रहे हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। डाइट में कुछ हेल्दी चीजों को शामिल करने और कुछ चीजों से परहेज करने से लिवर की सेहत को बेहतर रखने में मदद मिल सकती है। बेंगलुरु गैस्ट्रो सेंटर के डॉक्टर योगानंदा रेड्डी ने कुछ सब्जियों के बारे में बताया है, जो फैटी लिवर में फायदेमंद होती हैं। इन्हें डाइट में शामिल करने से आपका स्वास्थ्य बेहतर हो सकता है।
क्या होता है फैटी लिवर?
फैटी लिवर एक ऐसी स्थिति है, जिसमें लिवर की कोशिकाओं में जरूरत से ज्यादा फैट जमा होने लगता है। सामान्य तौर पर लिवर में थोड़ी मात्रा में फैट होना नॉर्मल है, लेकिन जब यह मात्रा बढ़ जाती है, तो इसे फैटी लिवर कहा जाता है। ऐसा अक्सर मोटापा, खराब लाइफस्टाइल, तला भुना ज्यादा खाने से होता है।
कौन सी 5 सब्जियों को डाइट में करें शामिल
1. पालक
पालक में फाइबर, आयरन, फोलेट, विटामिन A, विटामिन C, विटामिन K, मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसे तत्व होते हैं। इन्हें आप अपनी डाइट का हिस्सा बना सकते हैं और इससे फैटी लिवर के साथ मेटाबॉलिक हेल्थ को भी सपोर्ट मिलता है।
2. ब्रोकली
ब्रोकली फाइबर से भरपूर सब्जी होती है और कैलोरी में बिल्कुल कम। अगर आप इसे डाइट में शामिल करेंगे, तो पेट लंबे समय तक भरा रहेगा। फैटी लिवर होने पर मेटाबॉलिक हेल्थ को सुधारने के लिए आप ब्रोकली खाएँ। ब्रोकली में फाइबर, विटामिन C, विटामिन K, फोलेट, पोटैशियम और कैल्शियम जैसे तत्व होते हैं।
3. ब्रुसेल स्प्राउट्स
ब्रुसेल स्प्राउट्स में फाइबर, विटामिन C, विटामिन K, फोलेट, पोटैशियम और मैंगनीज जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह भी क्रूसीफेरस सब्जियों में शामिल हैं। अगर अपनी डाइट को आप फाइबर रिच बनाना चाहते हैं, तो इसे जरूर खाएं। इसे खाने से फैटी लिवर को सही करे में सपोर्ट मिलता है।
4. गाजर
गाजर में फाइबर और बीटा-कैरोटीन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसे सलाद, सब्जी या अन्य हेल्दी तरीकों से आप डाइट में शामिल कर सकते हैं। फैटी लिवर होने पर आपको डाइट को काफी बैलेंस रखना पड़ता है, जिसमें गाजर आपकी हेल्प कर सकती हैं। गाजर को सलाद या फिर ऐसे ही खा सकते हैं।
5. लौकी-करेला
लौकी में पानी की मात्रा अधिक और कैलोरी कम होती है। इसमें फाइबर, विटामिन C, पोटैशियम और कुछ अन्य माइक्रोन्यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं। तो वहीं करेला फोलेट, पोटैशियम और कई प्लांट कंपाउंड होते हैं। इन दोनों सब्जियों को डाइट का हिस्सा बनाकर आप मेटाबॉलिक हेल्थ को सपोर्ट दे सकते हैं।
नोट- फैटी लिवर में सिर्फ इन सब्जियों को डाइट में शामिल करना ही पर्याप्त नहीं है। संतुलित डाइट, नियमित शारीरिक गतिविधि और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह के अनुसार दवाएं भी महत्वपूर्ण हो सकती हैं। अगर आपको फैटी लिवर की समस्या है, तो डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर या स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लें। यह खबर सामान्य जानकारी पर आधारित है। किसी भी विशेष स्वास्थ्य समस्या या उपचार के लिए विशेषज्ञ की उचित सलाह लेना जरूरी है।
