मंगलवार को भारत ने जापान को एक रोमांचक मुकाबले में 2 रनों हराया। बारिश के कारण टी-20 मैच सिर्फ 5-5 ओवरों का खेला जा सका। निर्धारित पांच ओवरों में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 32 रन चार विकेट के नुकसान पर बनाए। 33 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जापान की टीम ने कड़ी टक्कर दी लेकिन जीत हासिल नहीं कर सकी। जापान ने निर्धारित 5 ओवरों में सिर्फ 30 रन बनाए और मुकाबला भारत ने 2 रनों से जीत लिया।
इतिहास के सुनहरे अक्षरों में दर्ज हुआ भारत का नाम
इस जीत के साथ भारतीय क्रिकेट टीम ने इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में अपना नाम दर्ज करा दिया है। भारत दुनिया का पहला ऐसा देश बन गया है, जिसकी सीनियर पुरुष क्रिकेट टीम ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 200 जीतें दर्ज कर ली हैं। भारत से पहले किसी भी टीम ने भी यह मुकाम हासिल नहीं किया था। भारतीय क्रिकेट टीम के लिए यह पल बेहद खास है। टीम इंडिया ने साल 2006 से टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना शुरू किया था। तब से लेकर आज तक भारत ने तीन टी-20 वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिए हैं। इतना ही नहीं, इस टीम की क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में बादशाहत नजर आती है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भारत ने 200 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में जीत हासिल कर ली है।
भारत की 200 जीत का सफर
टीम इंडिया ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में जीत की शुरुआत साल 2006 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ की थी। भारत ने अपनी पहली जीत जोहान्सबर्ग में साल 2006 में साउथ अफ्रीका को 6 विेकट से हराकर दर्ज की थी। टी-20 क्रिकेट में भारत को 50 जीत दर्ज करने के लिए 10 सालों से भी अधिक का समय लगा। भारत ने यह मुकाम साल 2017 में कोलंबो में श्रीलंका को 7 विकेट से हराकर हासिल किया। इसके बाद भारतीय टीम ने तेजी से टी-20 क्रिकेट में मैच जीतने शुरू किए और 100 टी-20 अंतराष्ट्रीय मैच जीतने का आंकड़ा साल 2022 में हासिल कर लिया। 50 से 100 जीत तक पहुंचने के लिए केवल 5 साल लगे। भारतीय टीम ने कोलकाता में वेस्टइंडीज को 8 रन से हराकर 100 मैचों में जीत का आंकड़ा दर्ज किया। 2022 से लेकर 2026 तक का समय भारत के लिए टी-20 क्रिकेट के लिहाज से स्वर्णिम रहा। भारतीय टीम ने 2022 से लेकर 2024 तक महज 2 सालों में ही 50 और मैच जीत लिए और जीत के आंकड़े को 150 तक पहुंचा दिया। भारतीय टीम ने 150वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच ऑस्ट्रेलिया को ग्रास आइसलैंड में 24 रनों से हराकर जीता। इसके दो साल और बाद आज 22 सितंबर 2026 को टीम इंडिया ने जापान को सानो में 2 रनों से हराकर 200 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच जीतने की खास उपलब्धि हासिल की है और इतिहास रचा है।
भारत T20 इंटरनेशनल में 200 जीत दर्ज करने वाली पहली टीम बन गई है (इसमें सुपर ओवर की जीत भी शामिल है)।
पहली जीत: बनाम साउथ अफ्रीका, जोहान्सबर्ग, 2006 (6 विकेट)
50वीं जीत: बनाम श्रीलंका, कोलंबो RPS, 2017 (7 विकेट)
100वीं जीत: बनाम वेस्टइंडीज, कोलकाता, 2022 (8 रन)
150वीं जीत: बनाम ऑस्ट्रेलिया, ग्रोस आइलेट, 2024 (24 रन)
200वीं जीत: बनाम जापान, सानो, 2026 (2 रन)
