किरण सिंह देव से मिलने मेदांता पहुंचे बीएल संतोष समेत बड़े नेता, अस्पताल में जाना हालचाल; हादसे के बाद लगातार मिल रहा समर्थन

प्रादेशिक मुख्य समाचार

रायपुर। सड़क हादसे में घायल हुए छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मुलाकातों का सिलसिला जारी है। इसी बीच आज भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।

इस संबंध में छत्तीसगढ़ भाजपा ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर जानकारी साझा की। पार्टी ने बताया कि राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने किरण सिंह देव से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।

बता दें कि छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव 29 जुलाई को उत्तर प्रदेश में सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। यह दुर्घटना झांसी-ललितपुर हाईवे पर उस समय हुई, जब वे परिवार के साथ बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने की कोशिश में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रक से टकरा गई।

हादसे के समय किरण सिंह देव के साथ उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ भी वाहन में मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार में सफर कर रहे थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। इस हादसे में उनके चालक को भी चोटें आई थीं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *