Heart Healthy Routine: दिल की बीमारी से बचना चाहते हैं, तो सिर्फ दवा नहीं, रोज की छोटी-छोटी आदतें भी बहुत मायने रखती हैं। दिल के डॉक्टर ने ऐसे 6 आसान नियम बताए हैं, जिन्हें वह खुद भी हर दिन अपनाते हैं।
कई बार रोज की कुछ छोटी और आसान आदतें भी लंबे समय तक हार्ट को मजबूत बनाए रखने में मदद कर सकती हैं। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय भोजराज ने हाल ही में बताया कि वह खुद अपने दिल को स्वस्थ रखने के लिए कौन-कौन सी आदतें अपनाते हैं।
1. रात के खाने के बाद जरूर टहलें
डॉ. संजय भोजराज का कहना है कि रात का खाना खाने के बाद करीब दस मिनट पैदल चलना अच्छी आदत है। इससे भोजन पचाने में मदद मिलती है और ब्लड शुगर लेवल भी बेहतर रहता है।
2. सुबह की धूप जरूर लें
सुबह उठने के बाद चाय या कॉफी पीने से पहले कुछ देर धूप में समय बिताने की कोशिश करें। प्राकृतिक धूप शरीर की जैविक घड़ी को संतुलित रखने में मदद करती है और दिनभर के लिए एनर्जी भी देती है।
3. सिर्फ वजन नहीं, कमर पर भी ध्यान दें
डॉक्टर का मानना है कि केवल वजन देखना काफी नहीं है। अगर कमर के आसपास चर्बी बढ़ रही है, तो यह दिल की बीमारी के खतरे का संकेत हो सकता है। इसलिए सिर्फ वजन कम करने के बजाय शरीर के पूरे स्वास्थ्य पर ध्यान देना जरूरी है।
4. अच्छी चीजें खाइए, दवाओं पर खर्च कम होगा
डॉ. भोजराज कहते हैं कि अच्छा भोजन शरीर के लिए सबसे बड़ा इंवेस्टमेंट है। ताजा फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और संतुलित भोजन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाइए। आज अच्छा भोजन चुनेंगे, तो भविष्य में दवाओं की जरूरत कम पड़ेगी।
5. तनाव को हल्के में ना लें
अगर आप हमेशा तनाव में रहते हैं, तो इसका असर सबसे पहले आपके दिल पर पड़ता है। सिर्फ शरीर ही नहीं, मन का स्वस्थ रहना भी दिल की अच्छी सेहत के लिए जरूरी है।
6. ऐसी आदत चुनें, जिसे सालों तक निभा सकें
डॉक्टर का कहना है कि बहुत कठिन व्यायाम शुरू करने से ज्यादा जरूरी है कि आप ऐसा तरीका चुनें, जिसे लंबे समय तक जारी रख सकें। रोज थोड़ा-थोड़ा चलना, साइकिल चलाना या हल्का व्यायाम करना कई बार ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकता है।
दिल की बीमारी का इंतजार ना करें!
डॉ. संजय भोजराज के अनुसार, दिल की बीमारी अक्सर कई साल पहले ही शुरू हो जाती है, लेकिन उसके लक्षण काफी बाद में दिखाई देते हैं। इसलिए नियमित जांच कराना और समय रहते अपनी जीवनशैली सुधारना सबसे समझदारी वाला कदम है।
