रायगढ़ में ट्रेन और स्टेशन पर चोरी, पुलिस ने दर्ज किए मामले

प्रादेशिक मुख्य समाचार

रायगढ़। रायगढ़ रेलवे स्टेशन और एक एक्सप्रेस ट्रेन में चोरी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। एक मामले में महिला यात्री का सोने का मंगलसूत्र चोरी हो गया, जबकि दूसरे मामले में एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे यात्री का बैग पार कर दिया गया। दोनों मामलों में जीआरपी ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना में चांदनी चौक धोबीपारा निवासी बृहस्पति बाई बरैठ (48) ने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि रविवार को वह अपनी बेटी के साथ बहन के घर अकलतरा जाने के लिए रायगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर ट्रेन का इंतजार कर रही थीं। बिलासपुर-रायगढ़ मेमू ट्रेन आने पर दोनों जनरल कोच में सवार हुईं। ट्रेन में काफी भीड़ थी। कुछ देर बाद जब उन्होंने अपने गले में हाथ लगाया तो उनका सोने का मंगलसूत्र गायब था। आशंका है कि भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात चोर ने करीब 4 ग्राम वजनी, लगभग 30 हजार रुपए का मंगलसूत्र चोरी कर लिया।

बताया गया कि मंगलसूत्र 15 से 20 साल पुराना था। घटना के बाद महिला ने जीआरपी थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी घटना बलसाड़-पुरी एक्सप्रेस में हुई। ओडिशा के सिंदरिया गांव निवासी शेख इमामुद्दीन (34) ने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई है कि वह रविवार को भुवनेश्वर से बिलासपुर जाने के लिए बलसाड़-पुरी एक्सप्रेस के बी-1 कोच की सीट नंबर 18 पर सफर कर रहे थे। यात्रा के दौरान वह अपनी बर्थ पर सो गए थे और बैग को टेबल के नीचे रखा था। सोमवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे जब उनकी नींद खुली तो बैग गायब था। उस समय ट्रेन रायगढ़ स्टेशन से आगे निकल चुकी थी। पीड़ित ने बताया कि बैग में लैपटॉप, पर्स, दो क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड समेत करीब 45 हजार रुपए का सामान रखा था। अज्ञात चोर बैग लेकर फरार हो गया। इसके बाद उन्होंने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई।

जीआरपी थाना प्रभारी बीआर बोर्झा ने बताया कि दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर जांच की जा रही है। फिलहाल दोनों मामलों की जांच जारी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *