बेमेतरा। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय (दुर्ग विश्वविद्यालय) से संबद्ध जवाहरलाल नेहरू कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के छात्रों ने परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी, परीक्षा देने के बावजूद अनुपस्थित दर्शाने सहित अन्य शिकायतों को लेकर बीते तीन घंटे से नेशनल हाइवे 30 पर चक्काजाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं. मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारी छात्रों को समझाइश देने का प्रयास कर रहे हैं.
नेशनल हाइवे पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि अनेक छात्रों को अनावश्यक रूप से ATKT प्रदान की गई है, कई विद्यार्थियों को परीक्षा देने के बावजूद अनुपस्थित दर्शाया गया है, कुछ विद्यार्थियों के परिणाम अभी तक घोषित नहीं हुए हैं. कई विद्यार्थियों के अंकों में त्रुटि विद्यार्थियों पर बिना पर्याप्त एवं निष्पक्ष जांच के UFM (Unfair Means) की कार्रवाई की गई है, जिसके कारणों से विद्यार्थियों का परिणाम अटक गया है.
छात्रों ने बताया कि वे किसान, मजदूर एवं सामान्य परिवारों से आते हैं. अनेक बच्चों के अभिभावक दिन-रात मेहनत कर अपने उन्हें उच्च शिक्षा दिलाने का रहे हैं. ऐसे में जब किसी विद्यार्थी को प्रशासनिक या तकनीकी त्रुटि के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है, तब उसका असर पूरे परिवार पर पड़ता है. छात्रों ने कहा कि उन्होंने प्रवेश परीक्षा एवं अन्य सभी शुल्क महाविदयालय में जमा किए हैं, इसलिए उनकी समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी भी महाविदयालय-विश्वविद्यालय प्रशासन की है.
