नयी दिल्ली, राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने मंगलवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-यूजी 2026 (नीट-यूजी) की परीक्षा रद्द करने की घोषणा की है। एनटीए की ओर से मंगलवार को जारी एक बयान में बताया गया कि एजेंसी ने केन्द्र सरकार की मंजूरी से तीन मई को आयोजित नीट (यूजी) 2026 परीक्षा को रद्द करने और इसे फिर से आयोजित करने का निर्णय लिया है। परीक्षा की नई तारीखें अलग से अधिसूचित की जाएंगी।
परीक्षा में हुई अनियमितता की खबरों के बाद एजेंसी ने आठ मई को इस मामले को स्वतंत्र जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों को सौंपा था। केंद्रीय एजेंसियों की जांच के आधार पर प्राप्त इनपुट के बाद एनटीए ने परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया है। केंद्र सरकार ने इस मामले में लगे आरोपों की व्यापक जांच के लिए मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंपने का भी निर्णय लिया है। एनटीए ने कहा है कि वह जांच में सीबीआई को पूरा सहयोग देगी और सभी जरूरी रिकॉर्ड एवं सहायता उपलब्ध कराएगी।
एजेंसी ने स्वीकार किया है कि परीक्षा दोबारा कराने से उम्मीदवारों और उनके परिवारों को काफी असुविधा होगी, लेकिन छात्रों के हित और परीक्षा प्रणाली पर जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए यह कड़वा फैसला लेना जरूरी था। राहत की बात यह है कि दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए छात्रों को फिर से पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी। मई 2026 चक्र का पुराना डेटा और परीक्षा केंद्र ही मान्य रहेंगे। इसके साथ ही, छात्रों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
एनटीए ने यह भी घोषणा की है कि छात्रों द्वारा पहले जमा किया गया शुल्क वापस कर दिया जाएगा और नयी परीक्षा का खर्च एजेंसी अपने आंतरिक संसाधनों से उठाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
