01 अप्रैल को आईपीएल 2026 का पांचवां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच में एक तरफ लखनऊ की ओर से ऋषभ पंत नजर आएंगे, वहीं दिल्ली कैपिटल्स की ओर से केएल राहुल नजर दिखेंगे। लोकेश राहुल दिल्ली कैपिटल्स की ओर इस बार सलामी बल्लेबाजी करते हुए नजर आएंगे। टीम के कप्तान अक्षर पटेल ने आईपीएल शुरू होने से पहले ही इसकी पुष्टि कर दी थी। पिछले सीजन दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी कराई थी और उन्होंने 10 पारियों में 53 की धांसू औसत के साथ कुल 371 रन बनाए थे। इस बार वे बतौर सलामी बल्लेबाज आईपीएल में नजर आएंगे।
आईपीएल में सलामी बल्लेबाज के रूप में केएल राहुल के आंकड़े काफी दमदार हैं। वे दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिकेट लीग में से एक आईपीएल में 1000 से ज्यादा रन बनाकर सर्वाधिक औसत रखने वाले सलामी बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक बतौर सलामी बल्लेबाज 49.64 की औसत से बल्लेबाजी की है, जो सर्वाधिक है। आईपीएल में 1000 से ज्यादा रन बनाकर सबसे अधिक औसत रखने वाले दूसरे बल्लेबाज विराट कोहली हैं। उन्होंने 47.45 की औसत से रन बनाए हैं। इस सूची में तीसरे स्थान पर चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ का नाम है। उन्होंने आईपीएल में 44.01 की औसत के सलामी बल्लेबाजी की है और 1000 से अधिक रन बनाए हैं। इस लिस्ट में चौथे नंबर पर न्यूजीलैंड के ड्वेन कॉनवे हैं, जिन्होंने 43.2 की औसत से बतौर सलामी बल्लेबाज 1000 से ज्यादा रन बनाए हैं। यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर क्रिस गेल ना सिर्फ अपनी तेज स्ट्राइक रेट और बड़े शॉट्स लगाने के लिए जाने जाते हैं, बल्कि सर्वाधिक औसत के साथ रन बनाने वाले सलामी बल्लेबाजों में से एक हैं। क्रिस गेल ने आईपीएल में 41.86 की औसत से बल्लेबाजी की है और हजार से ज्यादा रन बनाए हैं। वे इस लिस्ट में वें स्थान पर हैं।
