मार्कसंस फार्मा को मिली USFDA से मंजूरी, शेयर में धमाकेदार उछाल

मुख्य समाचार राष्ट्रीय व्यापार जगत

फार्मा सेक्टर से एक बड़ी खबर आई है, जिसने निवेशकों का ध्यान खींच लिया है। मार्कसंस फार्मा (Marksans Pharma Ltd) के शेयरों में अचानक 8% से ज्यादा की तेजी देखने को मिली और इसकी वजह एक अहम अंतरराष्ट्रीय मंजूरी है। कंपनी को अमेरिका की दवा नियामक संस्था USFDA (US Food and Drug Administration) से अपनी दवा बेंज़ोनाटेट कैप्सूल (Benzonatate Capsules -100mg और 200mg) के लिए फाइनल अप्रूवल मिल गया है। यह दवा खासतौर पर खांसी और फेफड़ों के संक्रमण (lung infection) से राहत देने के लिए इस्तेमाल होती है।

कैसे काम करती है यह दवा?

बेंजोनाटेट (Benzonatate) एक खांसी को रोकने की दवा (non-narcotic antitussive) है, जो श्वसन तंत्र (respiratory tract) के सेंसर को नंब (सुन्न) करती है और खांसी के रिफ्लेक्स को कम करती है। इसके अलावा ब्रोंकाइटिस, निमोनिया जैसी समस्याओं में राहत देती है, यानी यह दवा उन मरीजों के लिए फायदेमंद है, जिन्हें लगातार खांसी की परेशानी रहती है।

क्यों खास है यह मंजूरी?

USFDA की मंजूरी मिलना किसी भी भारतीय कंपनी के लिए बड़ी उपलब्धि होती है। इससे कंपनी को अमेरिकी बाजार में एंट्री और बिक्री का मौका मिलता है। ये मोहर कंपनी की कमाई और ग्लोबल पहचान दोनों बढ़ा सकती है। यह दवा Pfizer Inc. की टेसलॉन कैप्सूल (Tessalon Capsules) के बराबर (bioequivalent) मानी गई है, यानी इसकी क्वॉलिटी और असर भी उसी स्तर का है।

शेयर में क्यों आई तेजी?

जैसे ही यह खबर आई, निवेशकों ने तेजी से खरीदारी शुरू कर दी। शेयर में करीब 8% की उछाल देखने को मिली। 1 अप्रैल 2026 को इसकी कीमत ₹168 तक पहुंच गई। हालांकि, साल 2026 में अभी भी यह शेयर कुल मिलाकर करीब 6% नीचे है, लेकिन यह खबर आगे के लिए पॉजिटिव संकेत दे रही है।

पहले भी मिल चुकी है मंजूरी

दिलचस्प बात यह है कि नवंबर में भी कंपनी को USFDA से एक और दवा (Loperamide Tablets) के लिए मंजूरी मिल चुकी थी, जो डायरिया के इलाज में काम आती है। मार्कसंस फार्मा (Marksans Pharma) के लिए यह USFDA अप्रूवल एक बड़ा गेम-चेंजर साबित हो सकता है। इससे कंपनी की ग्लोबल पकड़ मजबूत होगी और निवेशकों का भरोसा भी बढ़ेगा। जैसे-जैसे कंपनी को अंतरराष्ट्रीय मंजूरी मिलती जाएगी, वैसे-वैसे इसके शेयर में लंबी रेस का दम दिख सकता है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *