केंद्र सरकार ने जारी किया नया आदेश: अब सभी घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए आधार आधारित e-KYC प्रक्रिया अनिवार्य

मुख्य समाचार राष्ट्रीय

देश में एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई में आई कमी के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक e-KYC अनिवार्य कर दिया है। मंत्रालय के अनुसार उपभोक्ता अब घर बैठे मोबाइल ऐप के जरिए भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द अपनी आधार आधारित e-KYC प्रक्रिया पूरी करनी होगी। मंत्रालय के मुताबिक उपभोक्ता अपने ऑयल मार्केटिंग कंपनी (OMC) के मोबाइल ऐप और Aadhaar FaceRD ऐप की मदद से घर बैठे ही यह वेरिफिकेशन कर सकते हैं।

मंत्रालय ने यह भी सलाह दी है कि यदि किसी उपभोक्ता को e-KYC प्रक्रिया में परेशानी हो रही है तो वह अपने नजदीकी LPG डिस्ट्रीब्यूटर से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।
मिडिल ईस्ट संकट से प्रभावित हुई सप्लाई

देश में एलपीजी सिलेंडर की कमी का मुख्य कारण मिडिल ईस्ट में चल रहा तनाव बताया जा रहा है। अमेरिका और इजराइल के ईरान पर हमलों के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है। इसी वजह से गैस की सप्लाई पर असर पड़ा है और कई शहरों में सिलेंडर की कमी देखी जा रही है।
LPG सिलेंडर के दाम भी बढ़े

एलपीजी सप्लाई में शॉर्टेज के बीच एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में 14.2 किलो घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है, यानी 60 रुपये का इजाफा हुआ है। वहीं 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 115 रुपये बढ़कर 1884.50 रुपये हो गई है।
कई जगहों पर हो रही जमाखोरी

गैस की कमी के कारण कई शहरों में पैनिक बायिंग और जमाखोरी के मामले सामने आए हैं। कर्नाटक के केंगेरी इलाके में पुलिस ने एक व्यक्ति को अलग-अलग कंपनियों के गैस सिलेंडर जमा कर महंगे दामों पर बेचने की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। दिल्ली में भी हालात को देखते हुए पुलिस ने गैस डिपो के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। अधिकारियों ने जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए 24 घंटे निगरानी के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली सरकार ने सप्लाई पर लगाई सीमा

स्थिति को कंट्रोल करने के लिए दिल्ली सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई पर भी सीमा तय कर दी है। अब शहर में दैनिक औसत खपत के केवल 20 प्रतिशत तक ही कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई की जाएगी। सरकार का कहना है कि e-KYC प्रक्रिया अनिवार्य करने का उद्देश्य वास्तविक उपभोक्ताओं की पहचान सुनिश्चित करना और फर्जी कनेक्शन व कालाबाजारी पर रोक लगाना है।
LPG e-KYC Process: घर बैठे स्मार्टफोन से ऐसे पूरा करें बायोमेट्रिक आधार वेरिफिकेशन

वेबसाइट या QR कोड से शुरुआत करें: सबसे पहले ऑफिसियल वेबसाइट pmuy.gov.in/e-kyc.html पर जाएं।
ऑयल मार्केटिंग कंपनी का ऐप डाउनलोड करें: इसके बाद अपनी गैस कंपनी का आधिकारिक ऐप डाउनलोड करें, जैसे IndianOil, BharatGas या HP Gas।
Aadhaar FaceRD ऐप इंस्टॉल करें: मोबाइल में Aadhaar FaceRD ऐप डाउनलोड करें, जिससे फेस ऑथेंटिकेशन किया जाएगा।
ऐप में दिए निर्देश फॉलो करें: कंपनी के ऐप में e-KYC विकल्प चुनें और दिए गए निर्देशों के अनुसार प्रक्रिया शुरू करें।
फेस स्कैन से पूरा होगा वेरिफिकेशन: Aadhaar FaceRD ऐप के जरिए फेस स्कैन (Biometric Authentication) करें। इसके बाद आपका LPG e-KYC पूरा हो जाएगा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *