लोहड़ी आज 13 जनवरी, मंगलवार को मनाई जाएगी। आज शाम को शुभ मुहूर्त में पूजन के बाद पवित्र अग्नि प्रज्वलित की जाती है। उसकी परिक्रमा करने के पश्चात सूर्यदेव और अग्नि देवता को धन्यवाद किया जाता है। मान्यता है कि इससे आरोग्य और सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। मकर संक्रांति से एक दिन पहले लोहड़ी का पर्व सूर्य के उत्तरायण होने की खुशी में भी मनाया जाता है। ऐसे में आइए विस्तार से जानें लोहड़ी पर अलग-अलग शहरों में अग्नि प्रज्वलित करने का शुभ मुहूर्त, पूजन विधि और पूजा की सामग्री …
आज लोहड़ी पर पूजन का शुभ मुहूर्त शाम को 4 बजकर 25 मिनट से लेकर 5 बजकर 44 मिनट तक रहेगा। इस दौरान पूजा करना सबसे उत्तम रहेगा। वहीं, दोपहर के वक्त पूजा करने का शुभ मुहूर्त इस प्रकार रहेगा-
दोपहर का अमृत चौघड़िया : दिन के 12 बजकर 30 मिनट से लेकर 1 बजकर 48 मिनट तक।
लोहड़ी पर अग्नि प्रज्वलित करने का शुभ मुहूर्त
रात का लाभ चौघड़िया : शाम को 7 बजकर 25 मिनट से लेकर रात के 9 बजकर 6 मिनट तक।
इसके अलावा, अलग-अलग शहरों में लोहड़ी की अग्नि प्रज्वलित करने का शुभ मुहूर्त इस प्रकार रहेगा-
| दिल्ली | रात को 7 बजकर 25 मिनट से लेकर रात के 9 बजकर 6 मिनट तक। |
| लुधियाना | रात को 7 बजकर 28 मिनट से लेकर 9 बजकर 10 मिनट तक। |
| अमृतसर | रात को 7 बजकर 31 मिनट से लेकर 9 बजकर 13 मिनट तक। |
| जालंधर | रात को 7 बजकर 28 मिनट से लेकर 9 बजकर 11 मिनट तक। |
| पटियाला | रात को 7 बजकर 27 मिनट से लेकर 9 बजकर 09 मिनट तक। |
| अंबाला | रात को 7 बजकर 25 मिनट से लेकर 9 बजकर 07 मिनट तक। |
| फरीदाबाद | रात को 7 बजकर 26 मिनट से लेकर 9 बजकर 07 मिनट तक। |
| गुड़गांव | रात को 7 बजकर 27 मिनट से लेकर 9 बजकर 08 मिनट तक। |
| पानीपत | रात को 7 बजकर 26 मिनट से लेकर 9 बजकर 07 मिनट तक। |
| गाजियाबाद | रात को 7 बजकर 25 मिनट से लेकर 9 बजकर 06 मिनट तक। |
| रोहतक | रात को 7 बजकर 28 मिनट से लेकर 9 बजकर 09 मिनट तक। |
| करनाल | रात को 7 बजकर 25 मिनट से लेकर 9 बजकर 07 मिनट तक। |
| सोनीपत | रात को 7 बजकर 26 मिनट से लेकर 9 बजकर 08 मिनट तक। |
| मेरठ | रात को 7 बजकर 23 मिनट से लेकर 9 बजकर 05 मिनट तक। |
| रायपुर | रात को 7 बजकर 20 मिनट से लेकर 9 बजकर 02 मिनट तक। |
लोहड़ी पूजन सामग्री
लोहड़ी पर पूजा के लिए गजक, तिल, अग्नि प्रज्वलित करने के लिए लकड़ी व उपले, मेवा, मूंगफली, सूखा नारियल, रेवड़ी, मक्का, गेहूं, रूप, दीप, सिंदूर, सरसों का तेल, दीपक, अक्षत और हल्दी की आवश्यकता होगी।
लोहड़ी पूजा विधि
लोहड़ी पर शाम के समय भी सभी लकड़ियों व उपलों को इकट्ठा करके उसे सबसे पहले सजाया जाता है। इसके बाद, लकड़ियों पर गंगाजल या पवित्र जल का छिड़काव करें। लकड़ियों को शुद्ध करने के पश्चात शुभ मुहूर्त में उन पर हल्दी, कुमकुम, अक्षत आदि अर्पित करें। अब पवित्र अग्नि को प्रज्वलित करने के बाद सभी के साथ मिलकर उसकी परिक्रमा करें। इसी दौरान अग्नि में मूंगफली, गेहूं की बालियां, मक्का, रेवड़ी, गजक, मूंगफली आदि अर्पित करना चाहिए। साथ ही, लोग नाचना व गाना भी करते हैं। पूजा और परिक्रमा के पश्चात अग्नि देव और सूर्य देवता को धन्यवाद करना चाहिए। फिर, मन में सुख, समृद्धि और शांति की कामना करें।
