कवर्धा। धान खरीदी सीज़न के बीच कबीरधाम जिले में अवैध धान के नेटवर्क पर प्रशासन ने ज़बरदस्त शिकंजा कस दिया है। लगातार दबिश और सख़्त कार्रवाइयों के बीच अब तक कुल 6776 क्विंटल अवैध धान ज़ब्त किया गया है, जिसकी बाज़ार कीमत 2.10 करोड़ रुपए से अधिक आंकी जा रही है। यह पूरा माल उपार्जन केंद्रों में गुपचुप तरीके से खपाने की तैयारी में था।
प्रशासन की ताबड़तोड़ कार्रवाई—कोचिए, व्यापारी और मिलर्स में हड़कंप
जिले में खाद्य और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर अवैध भंडारण व परिवहन के कई मामलों का खुलासा किया है। अब तक—
16 वाहन अवैध धान परिवहन में पकड़े गए
10 दुकानें और
3 गोदाम अवैध भंडारण में पाए गए
20 से अधिक राइस मिलों का फिजिकल वेरिफिकेशन कर स्टॉक जांच की गई
प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है—अवैध धान का एक दाना भी खरीद केंद्रों में नहीं घुसने दिया जाएगा।
सीमाओं पर चौकसी — 24 चेकपोस्ट, सख़्त निगरानी
दूसरे राज्यों से आने वाले अवैध धान को रोकने के लिए जिले की सीमाओं पर 24 चेकपोस्ट बनाए गए हैं, जहां कर्मचारियों की 24×7 ड्यूटी लगाई गई है। सक्रिय कोचियों और संदिग्ध प्रतिष्ठानों को चिन्हांकित कर लगातार दबिशें दी जा रही हैं।
40 प्रकरण, 6776 क्विंटल धान जब्त — असली किसानों को मिलेगा फायदा
खाद्य अधिकारी के अनुसार अब तक 40 अलग-अलग मामलों में अवैध धान पकड़ा गया है। प्रशासन का लक्ष्य है कि धान खरीदी का लाभ केवल वास्तविक किसानों को ही मिले।
